Connect with us

गोरखपुर

चलती बाइक पर युवक की गर्दन कटी, रहस्यमयी हादसे से सनसनी

Published

on

Loading...
Loading...

डवरपार चौराहे के पास खून से लथपथ होकर सड़क पर गिरा युवक, दो साथी सुरक्षित; पुलिस जांच में जुटी

गोरखपुर। वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलीपार थाना क्षेत्र के डवरपार कस्बे के पास मंगलवार को एक रहस्यमयी घटना ने लोगों को सन्न कर दिया। चलती बाइक पर सवार एक युवक की गर्दन अचानक गहरे कट जाने से वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना में बाइक पर सवार उसके दो अन्य साथी पूरी तरह सुरक्षित रहे। हादसे के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

जानकारी के अनुसार, बांसगांव थाना क्षेत्र के तियर गांव निवासी बाबूलाल यादव (28) अपने साथियों अमन यादव और विकास यादव के साथ पल्सर बाइक (UP 53 EZ 3261) से गोरखपुर से अपने गांव लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे जैसे ही उनकी बाइक डवरपार चौराहे के पास पहुंची, तभी बाबूलाल की गर्दन पर किसी धारदार वस्तु से गहरा कट लग गया। अचानक हुए इस हादसे से बाइक अनियंत्रित हो गई और बाबूलाल सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर न तो पतंग का मांझा मिला और न ही कोई धारदार हथियार। ऐसे में युवक की गर्दन आखिर किस वजह से कटी, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस आसपास के क्षेत्र की जांच करने के साथ-साथ सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।

Advertisement

फिलहाल घटना ने स्थानीय लोगों को हैरत में डाल दिया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page