Connect with us

बलिया

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर 12 फीट गहरा गड्ढा, बड़े हादसे की आशंका

Published

on

Loading...
Loading...

बारिश में धंसी सड़क, ग्रामीणों ने निर्माण में लापरवाही का लगाया आरोप; बैरिकेडिंग और स्थायी पुल निर्माण की मांग

बैरिया (बलिया)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित बैरिया-मांझी मार्ग पर मठ योगेन्द्र गिरी के समीप हाल की बारिश के बाद ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की सड़क धंस जाने से करीब 12 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। इस मार्ग पर भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने रात के समय बड़े हादसे की आशंका जताई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। उनका कहना है कि यहां पहले एक पुरानी पुलिया थी, जिसे हटाने के बजाय केवल मिट्टी डालकर ढक दिया गया। लगातार बारिश के कारण पानी का दबाव बढ़ने से मिट्टी बैठ गई और सड़क धंस गई।

निर्माण के समय ही जताई थी आशंका

स्थानीय ग्रामीण गोलू यादव, विशाल सिंह, क्रांति सिंह और संजय यादव ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान ही उन्होंने अधिकारियों से यहां नई पुलिया या पुल बनाने की मांग की थी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। अब सड़क धंसने के बाद उनकी आशंका सही साबित हुई है।

ग्रामीणों ने उठाई तत्काल कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी से मांग की है कि दुर्घटना रोकने के लिए तत्काल प्रभावित स्थल पर बैरिकेडिंग कराई जाए और अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान के रूप में पुल का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में यह मार्ग गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page