गोरखपुर
गोला तहसील बार एसोसिएशन चुनाव का बिगुल, नामांकन प्रक्रिया शुरू
अध्यक्ष पद पर 20वीं बार मैदान में उतरे गिरिजेश शाही, महामंत्री पद के लिए चौथी बार शंकरानंद ने भरा पर्चा
30 जुलाई को होगा मतदान, मतगणना के बाद उसी दिन घोषित होंगे चुनाव परिणाम
गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला तहसील बार एसोसिएशन के वर्ष 2026 के चुनाव की घोषणा के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र खरीदे और अपने-अपने पर्चे दाखिल किए। नामांकन के पहले ही दिन बार एसोसिएशन परिसर में चुनावी माहौल और अधिवक्ताओं की अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिली।
अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता गिरिजेश शाही ने लगातार 20वीं बार अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं महामंत्री पद के लिए शंकरानंद ने चौथी बार चुनावी मैदान में उतरते हुए नामांकन किया। कोषाध्यक्ष पद के लिए रामनिवास यादव ने भी अपना पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा अन्य पदों के लिए भी कई अधिवक्ताओं ने नाम निर्देशन पत्र खरीदे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष रंतिदेव मिश्र, निवर्तमान महामंत्री अमोद गौड़, कृष्णचंद मौर्य, शंभुप्रसाद मिश्र, भारद्वाज पांडेय, रामलखन राय, मनोज दुबे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
30 जुलाई को मतदान, उसी दिन आएगा चुनाव परिणाम
एल्डर्स कमेटी द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई तक नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री और नामांकन की प्रक्रिया चलेगी। 18 जुलाई को प्रत्याशियों की प्रारंभिक सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 20 जुलाई को प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण होगा। 21 जुलाई को वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 22 और 23 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर अंतिम प्रत्याशी सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
