गोरखपुर
गोरखपुर की बेटी सरिता सिंह को अंतरराष्ट्रीय सम्मान
मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान के लिए किया गया सम्मानित
उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणास्रोत
गोरखपुर। गोरखपुर की प्रतिभाशाली मेकअप आर्टिस्ट सरिता सिंह को अंतर्राष्ट्रीय मेकअप एवं ब्यूटी सेमिनार में उनके उत्कृष्ट कार्यों और ब्यूटी इंडस्ट्री में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जनपद में गर्व और खुशी का माहौल है।
सेमिनार में देश के विभिन्न राज्यों से मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डायरेक्टर सुनीता सिंह एवं ऑर्गेनाइजर पूजा सैनी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हेयर एवं मोटिवेशनल आर्टिस्ट पायल पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को आधुनिक मेकअप तकनीकों, हेयर स्टाइलिंग और प्रोफेशनल ग्रूमिंग के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया।

सम्मान समारोह के दौरान जैसे ही सरिता सिंह का नाम मंच से पुकारा गया, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्हें ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मेकअप इंडस्ट्री में वर्षों से किए जा रहे समर्पित और उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया।
सरिता सिंह पिछले कई वर्षों से ब्यूटी एवं मेकअप क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने सैकड़ों ब्राइडल मेकअप कर अपनी विशेष कला, रचनात्मकता और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया है। उनकी पहचान एक ऐसी मेकअप आर्टिस्ट के रूप में है, जो प्रत्येक ग्राहक की जरूरत और व्यक्तित्व के अनुरूप आकर्षक और बेहतरीन लुक प्रदान करती हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सरिता सिंह ने इसे अपने जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक बताया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और सहयोगियों को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही युवाओं को संदेश दिया कि किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, सीखने की ललक और आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण होते हैं।
गोरखपुर की बेटी सरिता सिंह की यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि लगन, मेहनत और प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है।
