भदोही
गोपीगंज डाकघर में 25 दिन से लेन-देन ठप, खाताधारक परेशान
सर्वर खराब होने से रोज 400 से 500 ग्राहक लौट रहे मायूस, आरडी-सुकन्या समेत कई योजनाओं पर असर
गोपीगंज। जनपद के प्रमुख व्यावसायिक नगर गोपीगंज स्थित उप डाकघर में सर्वर की तकनीकी खराबी के कारण पिछले 25 दिनों से लेन-देन का काम बुरी तरह प्रभावित है। खाताधारकों का कहना है कि महीने के 30 दिनों में बमुश्किल 10 दिन ही काम हो पा रहा है। इसके चलते रोजाना सैकड़ों लोगों को परेशान होकर डाकघर से लौटना पड़ रहा है।
स्थानीय खाताधारकों के अनुसार वे प्रतिदिन डाकघर का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सर्वर डाउन होने की जानकारी देकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है। रक्षाबंधन पर्व से पहले रुपये निकालने पहुंचे सैकड़ों ग्राहकों को भी निराश होकर लौटना पड़ा। इससे खाताधारकों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
जानकारी के मुताबिक सर्वर की गड़बड़ी से गोपीगंज उप डाकघर में होने वाला करोड़ों रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ है। प्रतिदिन करीब 400 से 500 ग्राहक सेवाएं बाधित होने के कारण परेशान हो रहे हैं। खाताधारकों और एजेंटों का कहना है कि जमा-निकासी के अलावा आरडी, सुकन्या, एनएससी और केवीपी जैसी योजनाओं से जुड़े काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
सेवाएं बाधित होने से डाकघर के एजेंटों की दैनिक आय और कमीशन पर भी असर पड़ा है। जरूरी काम के लिए लोगों को निजी कूरियर सेवाओं और बैंकों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।
डाकघर पहुंचे ग्राहकों और एजेंटों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि वाराणसी स्थित मुख्यालय को भेजी गई शिकायत पर जल्द कार्रवाई की जाए। खाताधारकों ने सर्वर की तकनीकी खराबी दूर कर डाकघर की सेवाएं नियमित रूप से बहाल कराने की मांग की है, ताकि जमा-निकासी सहित सभी योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
