Connect with us

गाजीपुर

गदाईपुर की सड़क बनी तालाब, जलभराव से ग्रामीण बेहाल

Published

on

Loading...
Loading...

जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप, समाजसेवी नवीन चौहान ने दी आंदोलन की चेतावनी

बहरियाबाद, गाजीपुर। सादात ब्लॉक के ग्राम पंचायत गदाईपुर में राजभर बस्ती के पास सड़क पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 200 मीटर सड़क बरसात के दिनों में तालाब जैसी बन जाती है और मामूली बारिश में करीब एक फीट तक पानी भर जाता है। यह गांव से बाहर निकलने का प्रमुख मार्ग होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण गंभीर मरीजों को भी चारपाई पर उठाकर पानी से होकर गांव के बाहर ले जाना पड़ता है। गांव से करीब 500 मीटर की दूरी पर आजमगढ़ जिले के तरवां क्षेत्र का परमानपुर बाजार स्थित है, जहां 100 बेड का सरकारी अस्पताल है। लेकिन रास्ते की बदहाली के कारण मरीजों और उनके परिजनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

बरसात के दिनों में ग्रामीणों को सिर पर गोबर, खाद और पशुओं का चारा लेकर पानी भरे मार्ग से गुजरना पड़ता है। वहीं छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है। पानी भरने से लिंक मार्ग दिखाई नहीं देता, जिससे लोगों के गिरने और दुर्घटनाग्रस्त होने की भी शिकायत है।

Advertisement

समाजसेवी परवीन यादव उर्फ दादा और पूर्व सैनिक अनिल सिंह ने गांव में मूलभूत सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया। ग्रामीणों के अनुसार बस्ती में पर्याप्त सफाई व्यवस्था नहीं है और आसपास गंदगी की समस्या बनी रहती है। नहर के निकट होने के कारण भी जलभराव की स्थिति गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या से मंत्री ओम प्रकाश राजभर, सुभासपा विधायक बेदी राम और अन्य जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे समाजसेवी नवीन चौहान ने कहा कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की जा चुकी है और संबंधित विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही उपजिलाधिकारी जखनियां, खंड विकास अधिकारी सादात और जिलाधिकारी गाजीपुर को ज्ञापन देकर सड़क निर्माण की मांग की जाएगी। समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क बनवाकर जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page