Connect with us

गोरखपुर

गगटही फीडर की बदहाल व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान

Published

on

Loading...
Loading...

मामूली हवा और बारिश में घंटों ठप हो जाती है बिजली आपूर्ति

सतुआभार सहित आसपास के गांवों में पेयजल, घरेलू कार्य और संचार सेवाएं प्रभावित

सतुआभार, गोरखपुर। गगटही फीडर से संचालित विद्युत आपूर्ति व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। क्षेत्र के सतुआभार सहित आसपास के कई गांवों में लगातार बिजली कटौती और आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि मामूली हवा चलने या हल्की बारिश होने पर भी बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। स्थिति यह है कि आपूर्ति बहाल होने में 24 से 36 घंटे तक का समय लग जाता है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

सरकार के दावों पर उठ रहे सवाल

प्रदेश सरकार द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति और बेहतर बिजली व्यवस्था के दावों के बीच गगटही फीडर की स्थिति स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली न रहने से पेयजल संकट गहरा जाता है। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग, घरेलू कार्य और अन्य दैनिक जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं।

Advertisement

भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रात के समय बिजली कटौती से बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

विभागीय लापरवाही का आरोप

क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। बार-बार फाल्ट होने और जर्जर विद्युत लाइनों की समय पर मरम्मत न होने के कारण उपभोक्ताओं को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।

व्यवस्था सुधार की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से गगटही फीडर की व्यवस्था में तत्काल सुधार करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत, नियमित रखरखाव और त्वरित फाल्ट निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित कर क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page