गोरखपुर
कुत्ते को खाना खिलाने के विवाद में खूनी हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। हत्या के प्रयास के एक मामले में रामगढ़ताल थाना पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक डण्डा और एक लोहे का सब्बल भी बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध नियंत्रण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष रामगढ़ताल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रजनीश द्विवेदी और उनकी टीम ने थाना रामगढ़ताल में पंजीकृत मुकदमा संख्या 0244/2025 से संबंधित तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में राजकुमार पुत्र स्व0 बांके निषाद, लहरी पुत्र स्व0 सीताराम निषाद और सुमित पुत्र राजकुमार निषाद शामिल हैं, जो मंझरिया बिस्टौल, थाना रामगढ़ताल, गोरखपुर के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल 2026 की रात वादी के पड़ोस में रहने वाले उक्त अभियुक्तों और अन्य लोगों के बीच कुत्ते को खाना खिलाने को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने वादी के परिजनों पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
उक्त प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 352, 351(3) और 109(1) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
