गोरखपुर
काली माता का साया बताकर ठगी, साधू वेशधारी आरोपी की तलाश जारी
गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भेंउसा निवासिनी पोतना देवी पत्नी बजरंगी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात साधू वेशधारी ठग के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 के तहत मुकदमा दर्ज कर ठग की तलाश में जुटी हुई है।
थाना क्षेत्र के ही ग्राम पंचायत भेंउसा निवासिनी पोतना देवी पत्नी बजरंगी ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते 28 अप्रैल को सुबह साढ़े आठ बजे के करीब एक अज्ञात अयोध्या का साधू वेशधारी बाबा के रूप में हमारे घर आया और बोला कि राम मंदिर में चढ़ावा के लिए कुछ पैसा दीजिए तो हमने उन्हें 120 रुपए दिए, उसके बाद पीने के लिए पानी मांगा हमने पानी और मीठा दिया, फिर मुझे झांसे में लेकर कहा कि आपके घर के ऊपर काली माता का साया है, मुझे भ्रमित कर दिया और काले साये को दूर करने के लिए मुझसे आभूषण की मांग की।
उसके बाद मुझे झांसे में लेकर यह कहा कि आप जो भी आभूषण देंगी उसे हम दूना कर देंगे, मैं उसके ऊपर विश्वास करते हुए घर के अंदर से सोने का कनफूल लाकर दे दिया, जिसे 20 वर्ष पहले मैंने 5000 रुपए में खरीदा था, उसे वह अपने पास रखे कागज की पुड़िया बनाकर हमें दिया और कहा कि रात 9 बजे खोलकर देखिएगा आभूषण आपका दूना हो जाएगा, उसके चले जाने के बाद हमने कागज की पुड़िया खोली तो उसमें दो पत्थर के टुकड़े निकले तब मुझे ज्ञात हुआ कि मैं ठगी का शिकार हो गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर साधू वेशधारी ठग के तलाश में जुटी हुई है।
