वाराणसी
काशी विद्यापीठ के क्लर्क पर नौकरी के नाम पर 14 लाख की ठगी का आरोप, एफआईआर दर्ज
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एक क्लर्क पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 14 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सिगरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि क्लर्क जनार्दन सिंह, जो मूल रूप से जौनपुर का रहने वाला है ने सिरकोनी स्थित जूनियर माध्यमिक स्कूल में नौकरी लगवाने का झांसा देकर यह रकम ली।
पीड़िता, जयप्रकाश नगर निवासी उषा सिंह ने बताया कि जनार्दन ने भरोसा दिलाया कि उनकी नौकरी पक्की है और उन्हें एक नियुक्ति पत्र भी दिया। जब वह नियुक्ति पत्र लेकर स्कूल पहुंचीं तो वह फर्जी निकला। पैसे लौटाने की बात पर जनार्दन ने एक चेक दिया जो बाउंस हो गया।
इसके बाद उसने धमकियां देना शुरू कर दिया और गाली-गलौज पर उतर आया। पीड़िता ने कमिश्नर मोहित अग्रवाल से शिकायत की जिसके बाद सिगरा पुलिस ने धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।
