Connect with us

भदोही

कांवड़ यात्रियों की सेवा में जुटी रेड क्रॉस सोसाइटी

Published

on

Loading...
Loading...

गोपीगंज में लगाया चिकित्सा शिविर, छाले पड़ने पर बांधी पट्टियां और दी दवाएं

गर्मी में शिव भक्तों को पिलाया गन्ने का रस, श्रावण पूर्णिमा तक जारी रहेगी सेवा

भदोही। प्रयागराज से पवित्र गंगाजल लेकर वाराणसी जा रहे कांवड़ यात्रियों की सेवा और सहायता के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी भदोही शाखा की ओर से गोपीगंज में पिलर नंबर 44 के पास चिकित्सा शिविर लगाया गया है। शिविर में शिव भक्तों को प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पैरों में छाले पड़े तो बांधी पट्टियां

रविवार को रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. भारतेंदु द्विवेदी के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों ने शिविर में पहुंचकर कांवड़ यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का उपचार किया। लंबी पैदल यात्रा के कारण पैरों में छाले और अन्य परेशानी से जूझ रहे शिव भक्तों के पैरों में पट्टियां बांधी गईं और जरूरत के अनुसार दवाएं दी गईं।

सेवा कार्य में संस्था के सदस्य गोपाल कृष्ण, विकास नारायण सिंह, अंबिका प्रसाद अग्रहरि और विनोद कुमार समेत अन्य लोगों ने सक्रिय सहयोग किया।

Advertisement

गर्मी में गन्ने का रस पिलाकर दी राहत

भीषण गर्मी और लंबी पैदल यात्रा को देखते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य विकास नारायण सिंह ने शिव भक्तों को गन्ने का रस भी उपलब्ध कराया। गन्ने का रस पीकर कांवड़ यात्रियों ने राहत महसूस की और संस्था के सदस्यों का आभार जताया।

श्रावण पूर्णिमा तक भोजन की भी व्यवस्था

गोपीगंज नगर पालिका अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिव भक्तों की सुविधा के लिए इसी स्थान पर निरंतर भोजन की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास की पूर्णता तक यह सेवा जारी रहेगी, जिससे प्रयागराज से वाराणसी जाने वाले कांवड़ यात्रियों को रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो।

रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि मानव सेवा ही संस्था का मूल उद्देश्य है। कांवड़ यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए संस्था की ओर से हरसंभव सहयोग किया जा रहा है। वहीं कोषाध्यक्ष हरेंद्र प्रताप सिंह ने चिकित्सा शिविर और सेवा कार्य में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page