भदोही
कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा और जनसुविधाओं के दिए निर्देश
भदोही में कांवड़ मार्गों, टोल प्लाजा और खाद्य दुकानों का निरीक्षण, उत्तरी लेन पर वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक
30 जुलाई से 28 अगस्त तक तीन जोन और आठ सेक्टर में रहेगा प्रशासनिक व पुलिस प्रबंधन
भदोही, 24 जुलाई। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने प्रयागराज सीमा के भीटी समेत विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रबंधन, रूट डायवर्जन, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही सुविधाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कांवड़ मार्गों पर बनाए गए बैरियर और पुलिस ड्यूटी की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कांवड़ियों के लिए आरक्षित राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन पर किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाए तथा ड्यूटी के दौरान आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
खाद्य दुकानों पर गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच
जिलाधिकारी ने लालानगर टोल प्लाजा के आसपास स्थित ढाबों, रेस्टोरेंट और जलपान की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि दुकानों पर निर्धारित मूल्य सूची प्रदर्शित हो तथा केवल ताजा और शुद्ध खाद्य पदार्थ ही बेचे जाएं। मिलावटी या बासी खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सीज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सफाई, पेयजल, बिजली और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कांवड़ मार्गों, शिविरों और शिवालयों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चूना, ब्लीचिंग पाउडर और दवा का नियमित छिड़काव कराया जाए। साथ ही कांवड़ मार्गों पर मोबाइल टॉयलेट, डस्टबिन और सार्वजनिक शौचालयों की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
तीन जोन और आठ सेक्टर में बंटी निगरानी व्यवस्था
डीएम शैलेष कुमार ने बताया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के लिए पूरे जनपद को तीन जोन और आठ सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सभी जोनल और सेक्टर प्रभारियों को ड्यूटी स्थलों की नियमित निगरानी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
