वायरल
कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगे, घरेलू दाम यथावत
नई दिल्ली। 1 मई 2026 से कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर पर 993 रुपये और 5 किलो वाले सिलेंडर पर 261 रुपये की वृद्धि की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3 हजार रुपये के पार पहुंच गई है। हालांकि, घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 3071.50 रुपये हो गई है, जबकि पहले इसकी कीमत 2078.50 रुपये थी। इस प्रकार प्रति सिलेंडर 993 रुपये का इजाफा हुआ है। ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद यह तीसरी बार है जब कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इन सिलेंडरों का उपयोग मुख्य रूप से रेस्टोरेंट, ढाबों और कैंटीनों में होता है, जिसके चलते कीमतों में वृद्धि का सीधा असर खाने-पीने की चीजों पर पड़ना तय माना जा रहा है। स्ट्रीट फूड विक्रेताओं से लेकर बड़े रेस्टोरेंट तक, सभी जगह उपभोक्ताओं को बढ़ी हुई कीमत चुकानी पड़ सकती है।
वहीं, 5 किलो वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर की कीमत भी 261 रुपये बढ़ाकर 810 रुपये कर दी गई है, जो पहले 549 रुपये में उपलब्ध था। यह छोटा सिलेंडर आमतौर पर पीजी, हॉस्टल या अकेले रहने वाले लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। इसके विपरीत, 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वर्तमान में दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये और कोलकाता में 939 रुपये बनी हुई है।
इसके अलावा, LPG वितरण से जुड़े कुछ नियमों में भी बदलाव किया गया है। शहरी क्षेत्रों में घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के बीच का अंतराल 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन तक हो सकती है। साथ ही, 1 मई से सिलेंडर की डिलीवरी के लिए OTP अनिवार्य कर दिया गया है। बिना OTP के उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
