वाराणसी
कबीरचौरा अस्पताल परियोजना का विधायक नीलकंठ तिवारी ने किया भूमि पूजन
वाराणसी। शहर के कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय को अब आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पिछले वाराणसी दौरे के दौरान इस परियोजना का शिलान्यास किया था। रविवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने विधि-विधान से भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। अस्पताल के तैयार होने के बाद पूर्वांचल में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष पहल और दूरदर्शी सोच के तहत इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा 28 अप्रैल को शिलान्यास किए जाने के बाद अब विधिवत पूजन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1870-75 के दौरान स्थापित शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय पूर्वांचल के लाखों लोगों के इलाज का प्रमुख केंद्र रहा है। लंबे समय से अस्पताल की पुरानी इमारतें जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी थीं, जिसके कारण आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप नए भवन निर्माण की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नई इमारत का निर्माण किया जाएगा, जो चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में नया मानदंड स्थापित करेगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 300 बेड क्षमता वाले अस्पताल का विस्तार कर उसे 500 बेड का बनाया जाएगा। नई परियोजना के अंतर्गत दो टावरों वाला आठ मंजिला सुपर स्पेशलिटी भवन तैयार किया जाएगा। इसमें आधुनिक तकनीक पर आधारित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए महानगरों का रुख न करना पड़े।
नई परियोजना के तहत हृदय रोग, न्यूरो और कैंसर मरीजों के लिए विशेष चिकित्सा इकाइयों की स्थापना की जाएगी। अस्पताल में 50 से अधिक ICU बेड और 100 से अधिक HDU बेड की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा किडनी रोगियों के लिए 20 बेड का अत्याधुनिक डायलिसिस वार्ड भी बनाया जाएगा। बच्चों के बेहतर उपचार के लिए समर्पित चाइल्ड यूनिट विकसित की जाएगी, जबकि निकट स्थित महिला अस्पताल में बच्चों के लिए अलग ICU भवन निर्माण की योजना भी तैयार की गई है।

मरीजों और तीमारदारों को पार्किंग की समस्या से राहत देने के लिए अस्पताल परिसर में 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे अस्पताल आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और परिसर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि अस्पताल भवन निर्माण के लिए 315 करोड़ रुपये की स्वीकृति पहले ही प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अलग से बजट उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अस्पताल की ओपीडी प्रतिदिन 2 से 3 हजार मरीजों तक पहुंच रही है, जबकि कई दिनों में यह संख्या 4 हजार तक हो जाती है। वाराणसी के अलावा पूर्वांचल के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां उपचार के लिए आते हैं।
विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय पूर्वांचल का सबसे आधुनिक, विश्वस्तरीय और मानक आधारित सरकारी अस्पताल बनकर सामने आएगा। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उच्चस्तरीय एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी तथा काशी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगी।
