वाराणसी
इंस्टाग्राम विज्ञापन से फंसाया, लग्जरी लाउंज फ्रेंचाइजी के नाम पर लाखों हड़पे
वाराणसी। काशी में नामी ब्रांड की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। ताजा मामला चितईपुर थाना क्षेत्र का है, जहां ‘फैशन टीवी’ (Fashion TV) के नाम पर लग्जरी लाउंज की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर एक उद्यमी से 53 लाख रुपये हड़प लिए गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम विज्ञापन से शुरू हुआ ठगी का खेल
विश्वकर्मा नगर कॉलोनी (चितईपुर) स्थित ‘रघुकुल कृपा हॉस्पिटेलिटी’ के डायरेक्टर अभिलाष नारायण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘एफ लाउंज बाई फैशन टीवी’ का एक विज्ञापन देखा था। लग्जरी स्टे और लाउंज सेक्टर में निवेश की इच्छा के चलते उन्होंने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया।
मुंबई बुलाकर जीता विश्वास, फिर कराया एग्रीमेंट
संपर्क के बाद अभिलाष की बातचीत कासिफ खान उर्फ कासिफ सरदार, हासिम खान, दुष्यंत सिंह समेत अन्य आरोपियों से हुई। आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए उन्हें मुंबई बुलाया। वहां वीडियो कॉल और व्यक्तिगत मुलाकातों के जरिए फ्रेंचाइजी के सुनहरे सपने दिखाए गए। भरोसे में आकर अभिलाष ने एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए और विभिन्न मदों में नकद व ऑनलाइन माध्यम से कुल 52,99,500 रुपये का भुगतान कर दिया।
रुपये मिलते ही बदले तेवर, करार किया समाप्त
चौंकाने वाली बात यह रही कि भारी रकम लेने के कुछ दिनों बाद ही आरोपियों ने अपना रुख बदल लिया। उन्होंने अभिलाष को बताया कि “बेहतर सेवा न दे पाने” का हवाला देते हुए उनका करार समाप्त किया जा रहा है। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने स्पष्ट कह दिया कि पूरी रकम ‘फैशन टीवी’ के मद में जमा हो चुकी है और अब कोई पैसा वापस नहीं किया जाएगा।
इन आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
अभिलाष नारायण सिंह की शिकायत पर चितईपुर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में कासिफ खान उर्फ कासिफ सरदार, हासिम खान, दुष्यन्त सिंह, रूपमणि सिंह, आसिफ अली उर्फ अब्बास दीवानी, रोहित खन्ना, कार्तिक, डाली सोनी और हर्षत कोली शामिल हैं।
