Connect with us

बलिया

कटहल नाला सुंदरीकरण कार्य का परिवहन मंत्री ने किया निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

गुणवत्ता से समझौता नहीं, तय समय में पूरा हो परियोजना: दयाशंकर सिंह

बलिया। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने नगर में कटहल नाला सुंदरीकरण एवं विकास परियोजना का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के समग्र विकास और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कटहल नाला सुंदरीकरण परियोजना पूरी होने के बाद यह शहर की नई पहचान बनेगी और लोगों के लिए आकर्षक पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित होगी।

उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण में उमरगंज पुल से रोडवेज बस स्टेशन तक लगभग 600 मीटर क्षेत्र में नाले के दोनों ओर सुंदरीकरण किया जा रहा है। साथ ही लोगों के सुरक्षित आवागमन और भ्रमण के लिए 10 फीट चौड़े पाथ-वे का निर्माण भी कराया जा रहा है। द्वितीय चरण में परियोजना का विस्तार बहादुरपुर पुल से रामपुर महावल रेग्यूलेटर तक किया जाएगा।

मंत्री ने मौके पर गैंबियन बॉक्स सहित अन्य तकनीकी कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्माण के सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मृत्युंजय तिवारी ‘बबलू’, अरुण सिंह ‘बंटू’, कमलेश सिंह, अमरीश पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page