गाजीपुर
औड़िहार ट्रेन सेट डिपो पहुंचे महाप्रबंधक, अनुरक्षण कार्यों की ली जानकारी
उच्च गुणवत्ता और संरक्षा पर जोर, उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को मिला 35 हजार रुपये का प्रशंसा पुरस्कार
खानपुर/औड़िहार (गाजीपुर)। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सोमवार को अपने एकदिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे चरण में औड़िहार स्थित ट्रेन सेट डिपो का निरीक्षण किया। उन्होंने डिपो में चल रहे अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए रेल परिसंपत्तियों के रखरखाव में गुणवत्ता और संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

विभिन्न अनुभागों का किया निरीक्षण
निरीक्षण से पहले महाप्रबंधक ने डिपो में समीक्षा बैठक की। उन्होंने अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद इंजीनियरिंग स्किल प्लान, हैवी रिपेयर शेड, लाइट रिपेयर शेड, स्टोर रूम, लॉकर रूम, टूल रूम, महिला कक्ष और अग्निशमन व्यवस्था का निरीक्षण किया।

मेमू रैक की तकनीकी जांच
महाप्रबंधक ने पिट लाइन पर खड़े मेमू रैक का तकनीकी निरीक्षण किया। उन्होंने उसकी कार्यप्रणाली और अनुरक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। रेलकर्मियों से संवाद कर ट्रेन सेट के संचालन और रखरखाव प्रक्रिया को भी समझा। उन्होंने उच्च गुणवत्ता, संरक्षा और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार का उपयोग कर अनुरक्षण कार्यों को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध हो सके। उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने 35 हजार रुपये का प्रशंसा पुरस्कार भी प्रदान किया।

वृक्षारोपण कर दिया स्वच्छता का संदेश
निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक ने डिपो परिसर में वृक्षारोपण किया। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को लगातार प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।

अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कांत पांडेय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी/निर्माण) नवीन कुमार झा, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर रविश कुमार, मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
