गोरखपुर
‘ऑपरेशन दहन’ के तहत 9.891 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट
करीब 75 लाख रुपये मूल्य के गांजा और स्मैक का सुरक्षित विनष्टीकरण
इस वर्ष अब तक 1.61 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 73.858 किलोग्राम मादक पदार्थ किए जा चुके हैं नष्ट
गोरखपुर। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के तहत जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में विभिन्न मामलों में जब्त 9.891 किलोग्राम मादक पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया।
पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन में थाना कैंट, गीडा, चौरीचौरा, शाहपुर और सहजनवा से संबंधित आठ अभियोगों में बरामद 9 किलो 540 ग्राम गांजा तथा 351 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 74.97 लाख रुपये है, को पर्यावरण एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए खलीलाबाद स्थित मेसर्स मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी के उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर में नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले 30 मार्च 2026 को 16 अभियोगों में जब्त 63.8 किलोग्राम गांजा, 140 ग्राम चरस, 20 ग्राम स्मैक तथा 7 ग्राम हेरोइन (अनुमानित मूल्य करीब 86.25 लाख रुपये) का भी विनष्टीकरण किया जा चुका है।
पुलिस विभाग के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक कुल 73.858 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 61 लाख 22 हजार रुपये है, को नियमानुसार नष्ट किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
