गाजीपुर
एक दशक बाद भी नहीं बना भरतपुर लिंक मार्ग, ग्रामीणों में आक्रोश
500 मीटर सड़क गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी; बोले- सड़क नहीं तो वोट नहीं
बहरियाबाद, गाजीपुर। ग्राम सभा भरतपुर की मुख्य सड़क से भवरूकपुर की ओर जाने वाला करीब 500 मीटर लंबा लिंक मार्ग बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद मार्ग पर खड़ंजा या इंटरलॉकिंग तक नहीं कराई गई है।

विद्यार्थियों और किसानों को परेशानी
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों विद्यार्थियों का आवागमन होता है। बरसात के दिनों में गड्ढों के कारण छात्र-छात्राओं और राहगीरों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। सड़क के दोनों ओर घास-फूस उगने से रात में जहरीले जीव-जंतुओं का भी डर रहता है। मार्ग संकरा होने के कारण किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भी कठिनाइयां होती हैं।
जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बावजूद समाधान नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय विधायक बेदी राम को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क निर्माण नहीं हुआ। इससे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में नाराजगी है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि सड़क नहीं बनी तो वे वोट नहीं देंगे।
आंदोलन की चेतावनी
डॉ. पुरुषोत्तम भारद्वाज, कैलाश राजभर, बुझारत राजभर, राजेंद्र राजभर, अजय राजभर, रवि राजभर, शैलेश सिंह, जयप्रकाश राजभर और सुभाष राजभर समेत दर्जनों ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन और अनशन करने को बाध्य होंगे।
