वाराणसी
ऊर्जा मंत्री के फैसले के बाद वाराणसी में बदली मीटर व्यवस्था
ऑनलाइन-ऑफलाइन भुगतान जारी
वाराणसी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा द्वारा बिजली निगम में प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में बदलने का फैसला किए जाने के बाद जिले में अब तक दो लाख मीटरों को पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित कर दिया गया है। अब उपभोक्ताओं को पहले की तरह हर महीने की 10 तारीख तक बिजली का बिल उनके घर पर उपलब्ध कराया जाएगा। बिल का भुगतान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकेगा। नया बिजली कनेक्शन लेने पर स्मार्ट मीटर ही लगाया जाएगा, लेकिन वह पोस्टपेड प्रणाली के तहत कार्य करेगा।
जिले में बिजली उपभोक्ताओं की कुल संख्या 7 लाख है, जिसमें घरेलू और कामर्शियल दोनों श्रेणियों के उपभोक्ता शामिल हैं। बीते दिनों स्मार्ट मीटर लगाए जाने के साथ ही प्रीपेड व्यवस्था लागू की गई थी। बिजली निगम ने अभियान चलाकर उन उपभोक्ताओं के मीटर भी प्रीपेड में बदल दिए थे, जो पहले से पोस्टपेड प्रणाली पर चल रहे थे।
इसके बाद लगातार अधिक बिल आने की शिकायतें सामने आने लगीं। वहीं कई उपभोक्ताओं ने समय पर बिजली बिल नहीं मिलने की समस्या भी उठाई। शिकायतों और बढ़ती समस्याओं को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने हाल ही में अपना फैसला वापस लेते हुए प्रीपेड मीटरों को फिर से पोस्टपेड में बदलने के निर्देश जारी किए थे।
