गाजीपुर
आवारा पागल कुत्ते का आतंक, आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों को काटा
ग्रामीणों में दहशत, सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार
भांवरकोल (गाजीपुर) | थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव में एक आवारा पागल कुत्ते ने आतंक मचा दिया। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक कुत्ते ने गांव में घूम-घूमकर आधा दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
बूढ़ों, महिलाओं और बच्चों को बनाया निशाना
ग्रामीणों के अनुसार भूरे रंग का यह कुत्ता पिछले दो दिनों से असामान्य व्यवहार कर रहा था और लोगों पर भौंकता फिर रहा था। शनिवार सुबह तक उसने गांव की गलियों और मोहल्लों में घूमकर बुजुर्गों, महिलाओं, युवकों और बच्चों को अपना शिकार बनाया।
कई लोग हुए घायल
कुत्ते के हमले में शमीम अहमद, वीरेंद्र रावत, हाजी मेराज अहमद, रेशमा बानो, अंशु राजभर, जयनाथ तथा मुन्नीलाल मुसहर सहित कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार एवं एंटी रेबीज टीका लगवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने कुत्ते को मार गिराया
लगातार लोगों पर हमले और बढ़ते खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों की मदद से पागल कुत्ते को मार दिया। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया, ताकि कोई और व्यक्ति उसका शिकार न बने।
ग्रामीणों ने प्रशासन से की निगरानी की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने आवारा और संदिग्ध कुत्तों की निगरानी तथा समय रहते कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
