वाराणसी
आगामी चुनावों को लेकर भाजपा ने मंडल स्तर पर शुरू की संगठित तैयारी
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के महानगर में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार 6 मई को महानगर के सभी 13 मंडलों की नियमित बैठकें सायं 6 बजे से प्रारंभ हुईं। इन बैठकों में संबंधित मंडलों के महानगर पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
इसी क्रम में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने महामना मंडल की बैठक का नेतृत्व किया। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 6 तारीख को मंडलों की नियमित बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे संगठनात्मक कार्यों में निरंतरता और प्रभावशीलता बनी रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रत्येक बूथ को मजबूत करना और सभी शक्ति केंद्रों को सक्रिय करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठित तैयारी आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से बूथ स्तर पर मतदाता सूची के सत्यापन के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाने तथा एसआईआर में छूटे हुए मतदाताओं का विस्तृत विवरण तैयार करने पर जोर दिया।
“आत्मनिर्भर मंडल” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इन बैठकों एवं कार्यशालाओं का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करना है। यह पहल कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय, संगठित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।
आज आयोजित मंडल बैठकों में प्रमुख रूप से प्रदीप अग्रहरि एवं अभिषेक मिश्रा (महामना मंडल), चंद्रशेखर उपाध्याय (बागेश्वरी मंडल), मधुप सिंह (छावनी), बृजेश चौरसिया (चुपचंडी), रचना अग्रवाल (राजर्षि), मधुकर चित्रांश (रामनगर), साधना वेदांती (दीनदयाल), नीरज जायसवाल (काशी विश्वनाथ), आत्मा विशेश्वर (कैंट), अशोक पटेल (रविदास मंडल), रवि शंकर केसरी (श्यामा प्रसाद मंडल) सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने एवं आगामी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
