बलिया
अश्लील गाना बजाने से रोकने पर हमला, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुंडन संस्कार के दौरान हुआ विवाद, गृहस्वामी गंभीर रूप से घायल
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश, विवेचना जारी
बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के मानगढ़ गांव में मुंडन संस्कार के दौरान अश्लील गाना बजाने से मना करने पर एक व्यक्ति पर कथित रूप से धारदार हथियार और लात-घूंसों से हमला कर दिया गया। घटना में गृहस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मानगढ़ गांव में आयोजित मुंडन संस्कार के दौरान गृहस्वामी गुड्डू बिंद ने अश्लील गाने बजाने का विरोध किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियार और लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर रेवती पुलिस ने संदीप यादव, लालजी यादव तथा एक अन्य आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
