Connect with us

गाजीपुर

अब्दुल वाजिद प्रधान स्मृति राज्य स्तरीय रात्रि फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब जहांगीरिया फुटबॉल क्लब उसिया के नाम

Published

on

Loading...
Loading...

फाइनल में पूर्वांचल फुटबॉल क्लब पखनपुरा को 2-0 से हराया, मसीहुज्जमा उर्फ मटरु बने मैन ऑफ द मैच

कुंडेसर (गाजीपुर)। पखनपुरा गांव में आयोजित मरहूम अब्दुल वाजिद प्रधान स्मृति राज्य स्तरीय रात्रि फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार की रात रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल में जहांगीरिया फुटबॉल क्लब उसिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्वांचल फुटबॉल क्लब पखनपुरा को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।

फीता काटकर किया गया प्रतियोगिता का शुभारंभ

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि साक्षी ट्रेडर्स के स्वामी अजय राय ने फीता काटकर किया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मैदान में उपस्थित रहे। दर्शकों की भारी भीड़ के बीच खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

मटरु के दो गोल से मिली जीत

मैच के पहले हाफ के 22वें मिनट में जहांगीरिया फुटबॉल क्लब उसिया के खिलाड़ी मसीहुज्जमा उर्फ मटरु ने शानदार व्यक्तिगत कौशल का परिचय देते हुए दो खिलाड़ियों को छकाकर गेंद सीधे गोलपोस्ट में पहुंचा दी। गोलकीपर गेंद को रोकने में असफल रहा और टीम ने 1-0 की बढ़त बना ली।

इसके बाद पूर्वांचल फुटबॉल क्लब पखनपुरा ने बराबरी के लिए कई आक्रामक प्रयास किए। दूसरे हाफ में टीम के खिलाड़ी फरहान माजिद को मोहम्मद कैश और सरवर ने शानदार पास दिया, लेकिन वह अवसर को गोल में तब्दील नहीं कर सके।

Advertisement

मैच के 29वें मिनट में मसीहुज्जमा उर्फ मटरु को एक और बेहतरीन पास मिला, जिसे उन्होंने बिना देर किए गोल में बदल दिया। इस दूसरे गोल के साथ जहांगीरिया फुटबॉल क्लब ने 2-0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली और अंततः मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

मटरु बने मैन ऑफ द मैच, सनवर को मिला मैन ऑफ द सीरीज पुरस्कार

दो शानदार गोल दागने वाले मसीहुज्जमा उर्फ मटरु को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूर्वांचल फुटबॉल क्लब के खिलाड़ी सनवर को पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।

खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

मुख्य अतिथि अजय राय ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। मैच की कमेंट्री मोहम्मद अकरम एवं इमाद हाफिज ने की, जबकि निर्णायक की भूमिका अब्दुल रशीद ने निभाई।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे खेल प्रेमी

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मन्नू अंसारी, ग्राम प्रधान बदरूज्जमा, नूर मोहम्मद कारी, मौलाना जलालुद्दीन, मौलाना कमालुद्दीन, अनिरुद्ध, हफीजुल्लाह सिद्दीकी, बीडीसी सदस्य मेजर खलील, मोहम्मद तारिक सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर लोगों ने आयोजकों की सराहना की।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page