वाराणसी
अगस्त से ‘साइलेंट एयरपोर्ट’ बनेगा वाराणसी एयरपोर्ट, नहीं होंगे फ्लाइट एनाउंसमेंट
52 नए एआई आधारित फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम लगाए जा रहे, 31 जुलाई तक पूरा होगा काम
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अगस्त महीने से ‘साइलेंट एयरपोर्ट’ के रूप में संचालित होगा। इसके बाद एयरपोर्ट परिसर में फ्लाइट संबंधी घोषणाएं (एनाउंसमेंट) नहीं की जाएंगी। यात्रियों को उड़ानों की सभी जानकारी आधुनिक फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (एफआईडीएस) के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए एयरपोर्ट परिसर में 52 नए एफआईडीएस लगाए जा रहे हैं, जिनका कार्य 31 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
यात्रियों को मिलेगी रीयल टाइम फ्लाइट जानकारी
नए कंप्यूटर संचालित डिस्प्ले सिस्टम के जरिए यात्रियों को आगमन और प्रस्थान करने वाली सभी उड़ानों की रीयल टाइम जानकारी प्राप्त होगी। एयरपोर्ट टर्मिनल के भीतर ही नहीं, बल्कि बाहर मौजूद यात्रियों और उनके परिजनों को भी फ्लाइट का स्टेटस आसानी से दिखाई देगा। इससे यात्रियों को बार-बार पूछताछ काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
लगातार होने वाले एनाउंसमेंट से मिलेगी राहत
एयरपोर्ट के प्रतीक्षालय में बैठे यात्री अक्सर किताब पढ़ते, संगीत सुनते, मोबाइल पर बातचीत करते या ऑनलाइन गतिविधियों में समय बिताते हैं। ऐसे में बार-बार होने वाले फ्लाइट एनाउंसमेंट कई यात्रियों के लिए असुविधा का कारण बनते हैं। साइलेंट एयरपोर्ट व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को अधिक शांत और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
पुराने सिस्टम की जगह लगाए जाएंगे आधुनिक डिस्प्ले बोर्ड
वर्तमान में एयरपोर्ट टर्मिनल और परिसर में 43 फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम कार्यरत हैं। तकनीकी रूप से पुराने हो चुके इन सिस्टमों को नई तकनीक से लैस आधुनिक डिस्प्ले बोर्ड से बदला जा रहा है। नए सिस्टम अधिक संख्या में उड़ानों की जानकारी प्रदर्शित करने में सक्षम होंगे।
क्या है एफआईडीएस (FIDS)
एफआईडीएस यानी फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम एक कंप्यूटर आधारित सूचना प्रणाली है, जो यात्रियों को उड़ानों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराती है। एलईडी स्क्रीन पर फ्लाइट का आगमन और प्रस्थान समय, बोर्डिंग गेट, चेक-इन काउंटर, गेट नंबर, उड़ान की स्थिति, देरी, रद्दीकरण और अन्य आवश्यक जानकारियां प्रदर्शित होती हैं। यह प्रणाली रीयल टाइम अपडेट के साथ कार्य करती है।
हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में मिलेगी जानकारी
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार नए 52 एफआईडीएस एआई आधारित होंगे, जिनमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सूचनाएं प्रदर्शित की जाएंगी। इससे स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
अधिकारी बोले
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार मौजूदा 43 डिस्प्ले सिस्टम पुराने हो चुके हैं। एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत इन्हें नई तकनीक से लैस आधुनिक फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम से बदला जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर और अधिक सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी।
