जौनपुर
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद ने संगठन विस्तार को लेकर तय किए बड़े लक्ष्य
जौनपुर की प्रांतीय बैठक में एक लाख हनुमान चालीसा पाठ केंद्र और 50 हजार समितियां बनाने का संकल्प
गांव-गांव तक संगठन मजबूत करने, सेवा कार्य और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर हुआ मंथन
जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद (अहिप) की दो दिवसीय प्रांतीय कार्यकर्ता बैठक नगर स्थित बीआरपी इंटर कॉलेज में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सेवा गतिविधियों को गति देने और जनसंपर्क अभियान को व्यापक बनाने की रणनीति तय की गई। इस दौरान प्रदेशभर में एक लाख श्री हनुमान चालीसा पाठ केंद्र स्थापित करने तथा 50 हजार समितियों के गठन का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
बैठक का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रबंधक दिलीप श्रीवास्तव (एडवोकेट) और विशिष्ट अतिथि उदयराज सिंह रहे।
प्रांतीय पदाधिकारी डॉ. वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने काशी प्रांत के सभी जिलों में जिला समितियों का गठन शीघ्र पूरा करने का आह्वान किया। वहीं प्रांत महामंत्री तरुण शुक्ल ने प्रत्येक पदाधिकारी से अपने क्षेत्र में श्री हनुमान चालीसा पाठ केंद्र संचालित करने की अपील की। संगठन महामंत्री संजय दुबे ने महासंपर्क अभियान को तेज करने और अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचने पर जोर दिया। प्रांत मंत्री कात्यायनी शुक्ल ने हिंदू हेल्पलाइन और इंडिया हेल्थ लाइन के माध्यम से संचालित सेवा कार्यों की जानकारी साझा की।
बैठक में काशी प्रांत के 19 जिलों से आए पदाधिकारियों ने संगठन की भावी रणनीति, सेवा गतिविधियों और जनजागरण अभियान पर विचार रखे। महिला प्रतिनिधियों ने संगठन में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
समापन सत्र में संगठन को गांव-गांव तक सशक्त बनाने, सेवा कार्यों को और प्रभावी करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का सामूहिक संकल्प लिया गया। जिलाध्यक्ष अजय पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
