Connect with us

जौनपुर

सभासदों ने ईओ पर लापरवाही का लगाया आरोप, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

मृत मछलियों, आवारा पशुओं और विकास कार्यों में अनियमितता का मुद्दा उठाया, निष्पक्ष जांच की मांग

शिकायतों की अनदेखी और जनहित के कार्यों में उदासीनता का आरोप, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

शाहगंज (जौनपुर)। नगर पालिका परिषद शाहगंज के कई सभासदों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सोमवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) शाहगंज को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अधिशासी अधिकारी (ईओ) और सफाई प्रभारी पर जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही, शिकायतों की अनदेखी तथा विकास कार्यों में उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

सभासदों ने आरोप लगाया कि रजमानकी मंदिर स्थित बुढ़वा बाबा पोखरे में 24 जुलाई को बड़ी संख्या में मछलियों के मरने की सूचना मिलने के बावजूद नगर पालिका ने समय पर कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि स्थानीय लोगों द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद 27 जुलाई को मृत मछलियों को हटाया गया, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध और बीमारी फैलने की आशंका बनी रही।

ज्ञापन में नगर क्षेत्र में बढ़ती छुट्टा एवं आवारा पशुओं की समस्या, नामांतरण मामलों में कथित भेदभाव और जेसीज चौराहे से आजमगढ़ रोड तक सड़क पर कई दिनों से पड़े मलबे का भी मुद्दा उठाया गया। सभासदों का आरोप है कि इन समस्याओं के समाधान के लिए नगर पालिका प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement

सभासदों ने एसडीएम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा नगर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ सभासद राम प्रसाद मोदनवाल, परवेज अहमद, छेदीलाल वर्मा, श्यामजी गुप्ता, रूपेश जायसवाल, गणेश चौहान, मनीष जायसवाल, अर्पित जायसवाल, श्रेयांश मोदनवाल, किरण सोनी, संगीता यादव, संगीता जायसवाल, सुशीला देवी, मोहसिना, फैजान अहमद, अब्दुल्ला राईन, सिकंदर साहू, प्रेमचंद, शिवप्रसाद, सभासद प्रतिनिधि आशुतोष अग्रहरि ‘डंपी’, अखिलेश यादव, अमन सोनी सहित बड़ी संख्या में सभासद एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page