वाराणसी
SOG-02 भंग, कई थाना प्रभारियों का बदला कार्यक्षेत्र
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट मोहित अग्रवाल द्वारा सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए SOG-02 को भंग कर दिया गया। साथ ही कई थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए गए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण, विवेचना एवं कानून-व्यवस्था में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी ही थाना अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। प्रदर्शन आधारित जवाबदेही तय करते हुए निष्क्रियता पर सख्त रुख अपनाया गया है।
पुलिस आयुक्त द्वारा SOG-02 को भंग कर समस्त कर्मियों को पुलिस लाइन से अटैच किया गया है। बाद में इसका नए सिरे से गठन किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और प्रभावी अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाए।
जारी आदेश के अनुसार नि0 प्रमोद कुमार पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद से पुलिस लाइन भेजा गया है। नि0 गोपाल जी कुशवाहा को थाना साइबर क्राइम से प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद बनाया गया है।
इसी क्रम में नि0 शिवाकान्त मिश्रा को प्रभारी निरीक्षक कैंट से प्रभारी निरीक्षक सिगरा तथा नि0 संजय कुमार मिश्र को प्रभारी निरीक्षक सिगरा से प्रभारी निरीक्षक रामनगर स्थानांतरित किया गया है। वहीं नि0 राजकिशोर पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक रामनगर से प्रभारी निरीक्षक कैंट की जिम्मेदारी दी गई है।
उ0नि0 कुमार गौरव सिंह को चौकी प्रभारी रोडवेज, थाना सिगरा से पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि उ0नि0 विकास सिंह को पीआरओ, पुलिस आयुक्त से चौकी प्रभारी रोडवेज, थाना सिगरा नियुक्त किया गया है।
