वाराणसी
हिंदू युवा वाहिनी नेता की कार पर पथराव, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
वाराणसी। जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र में हिंदू युवा वाहिनी के पूर्वी प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार उपाध्याय उर्फ राज भैया की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने पथराव कर दिया। शनिवार देर रात हुए इस हमले में राजकुमार उपाध्याय बाल-बाल बच गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में संगठन के लोग एकत्र हो गए।

बताया गया कि राजकुमार उपाध्याय रविवार को सवर्ण आयोग बोर्ड के गठन की मांग को लेकर पदयात्रा निकालने वाले हैं। इसी कार्यक्रम की तैयारियों के बीच उन पर हमला हुआ। सूचना मिलने के बाद चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम और गोसाईपुर चौकी प्रभारी विपिन पाण्डेय मौके पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।

राजकुमार उपाध्याय ने आरोप लगाया कि वह लगातार सुरक्षा की मांग कर रहे हैं और उन्हें अपनी हत्या की आशंका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
राजकुमार उपाध्याय ने बताया कि वह अपने साथियों बृजेश मिश्रा और गौतम मिश्रा बल्लू के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान गौतम मिश्रा बल्लू के घर कपड़े लेने के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में अचानक उनकी गाड़ी पर तेज पथराव शुरू हो गया। उनका कहना था कि यदि गाड़ी थोड़ी आगे नहीं बढ़ी होती तो गंभीर हादसा हो सकता था।
