वाराणसी
Agniveer Exam : क्यूआर कोड से मिलेगा परीक्षा केंद्र का लोकेशन
वाराणसी। अग्निवीर के माध्यम से सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवाओं को भारतीय सेना ने इस बार दो नई सुविधाएं दी हैं। अभ्यर्थियों को जारी किए जा रहे प्रवेश पत्र पर क्यूआर कोड अंकित रहेगा, जिसमें परीक्षा केंद्र का सटीक लोकेशन उपलब्ध होगा।
अभ्यर्थी अपने मोबाइल से प्रवेश पत्र पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करेंगे तो परीक्षा केंद्र से संबंधित पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। अब तक अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र की जानकारी हासिल करने में काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। सैन्य प्रशासन ने अग्निवीर परीक्षा का आयोजन एक जून से 12 जून तक करने की घोषणा की है। छह और सात जून को अवकाश रहेगा।
अग्निवीर भर्ती में पिछली बार सैन्य प्रशासन ने अभ्यर्थियों को दो पदों के लिए आवेदन करने की अनुमति दी थी। इस व्यवस्था का असर यह रहा कि बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया। उदाहरण के तौर पर, किसी अभ्यर्थी ने जनरल ड्यूटी के साथ ट्रेडमैन पद के लिए भी आवेदन किया तो उसके चयन की संभावना बढ़ गई थी।
पिछली बार दोनों पदों की परीक्षा के लिए अलग-अलग प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, लेकिन इस बार व्यवस्था में बदलाव करते हुए दोनों परीक्षाओं के लिए एक ही प्रवेश पत्र जारी करने का निर्णय लिया गया है।
अभ्यर्थी भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
वाराणसी जनपद में नौ और गोरखपुर जनपद में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में कुल 1,07,155 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसमें 12 जिलों के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
कर्नल एवं निदेशक सेना भर्ती कार्यालय शैलेश कुमार ने बताया कि अग्निवीर भर्ती में युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष नियमों को सरल बनाया जा रहा है। इस बार दो बड़े बदलाव किए गए हैं। पहला, दो पदों के अभ्यर्थियों के लिए एक ही प्रवेश पत्र की व्यवस्था और दूसरा, परीक्षा केंद्र की जानकारी वाले क्यूआर कोड युक्त प्रवेश पत्र की सुविधा। अभ्यर्थी मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर गूगल मैप के जरिए सीधे परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे।
