वाराणसी
गणतंत्र दिवस पर भीषमपुर का गौरव बढ़ायेंगे ग्राम प्रधान राकेश कुमार सिंह
वाराणसी/नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर वाराणसी के भीषमपुर ग्राम पंचायत के प्रधान एवं वाराणसी जिला प्रधान संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। वे कर्तव्य पथ, नई दिल्ली पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में भाग लेंगे। राकेश कुमार सिंह 23 जनवरी को दिल्ली रवाना होंगे।
यह उपलब्धि केवल भीषमपुर ग्राम पंचायत ही नहीं, बल्कि पूरे वाराणसी जिले के लिए गर्व की बात है। राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में ग्राम सभा ने विकास के कई आयाम छुए हैं। सतत विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों ने न केवल उत्तर प्रदेश में बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई है।
ग्राम सभा की प्रमुख उपलब्धियां:
1. मुख्यमंत्री पुरस्कार (2023-24) में प्रथम स्थान प्राप्त।
2. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन।
3. डिजिटल पंचायत भवन में ऑनलाइन सेवाओं की शुरुआत।
4. स्वच्छता अभियान और प्लास्टिक मुक्त ग्राम के लिए सराहनीय योगदान।
5. तीन करोड़ की लागत से मॉडल बारात घर का निर्माण।
6. डोर-टू-डोर कूड़ा प्रबंधन और हर घर जल योजना का कुशल संचालन।
7. ग्राम सभा में आय के स्रोतों में वृद्धि।
8. कंप्यूटर सेंटर, सीएससी, जिम और लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं का विकास।
9. प्राथमिक विद्यालयों का आधुनिकीकरण और डिजिटल शिक्षा की शुरुआत।
10. बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम।
राकेश कुमार सिंह ने इस सम्मान के लिए भारत सरकार और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रेरणादायक नेतृत्व को ग्राम सभा की प्रगति का आधार बताया।
ग्रामवासियों और स्थानीय प्रशासन ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। जिला प्रशासन और वाराणसी की जनता ने श्री सिंह को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणा बनेगा।
राकेश कुमार सिंह ने ग्रामवासियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा, “भीषमपुर की स्वच्छता, समृद्धि और आत्मनिर्भरता को आगे बढ़ाना मेरा सपना है। इस सम्मान को मैं ग्रामवासियों को समर्पित करता हूँ।”