Connect with us

वाराणसी

पिता को मृत दिखाकर जमीन की करायी वरासत, बेटी-दामाद गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

23 महीने बाद कार्रवाई, पिता की शिकायत पर मामला दर्ज

फूलपुर (वाराणसी)। बरजी गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लालच में आकर बेटी और दामाद ने अपने ही पिता को मृत दिखाकर जमीन अपने नाम वरासत करा ली। यह मामला 23 महीने बाद सामने आया और पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया।

बरजी गांव निवासी मिश्रीलाल ने दो फरवरी 2023 को फूलपुर थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना, और अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया था। मिश्रीलाल के अनुसार, उनकी जमीन हाईवे के किनारे स्थित है, जिसे सरकार द्वारा अधिग्रहित किए जाने की प्रक्रिया चल रही थी। जमीन के अधिग्रहण के बदले मिलने वाले मुआवजे का लालच उनकी बेटी मुन्नी देवी उर्फ मुनगी देवी और दामाद प्रदीप कुमार पटेल को हुआ।

आरोप है कि दंपती ने मिश्रीलाल को कागजों पर मृत दिखाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन को अपने नाम वरासत करा लिया। इसके बाद जमीन के कुछ हिस्से को बेच भी दिया।

जब मिश्रीलाल को इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल फूलपुर थाने में बेटी-दामाद समेत पांच नामजद और अज्ञात राजस्व कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में करीब 23 महीने 17 दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement

डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि फूलपुर थाने की टीम ने आरोपी मुन्नी देवी और प्रदीप कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी टीम में दरोगा रवि प्रकाश सिंह, जितेंद्र यादव, और कांस्टेबल नमिता सिंह शामिल थे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page