गाजीपुर
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ओड़राई ग्राम सभा निवासी रवि शर्मा (20) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रवि डीजे बजाने का काम करता था और पढ़ाई में भी उत्कृष्ट था। वह किसी काम से दुल्लहपुर जा रहा था, तभी बड़ागांव चट्टी के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद रवि बाइक से गिरकर पास के खंभे से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने परिवार वालों को सूचना दी, जिन्होंने तुरंत उसे मऊ के एक अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
दूसरी बाइक सवार घटना स्थल से फरार हो गया। इस हादसे के बाद से रवि के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी शोक की लहर है। रवि अपने माता-पिता का दूसरा बेटा था और पढ़ाई में बेहद होशियार माना जाता था। उसकी असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
