बलिया
कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि
रसड़ा (बलिया) (जयदेश)। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद गांधी पार्क, रसड़ा में रविवार को एक शोकसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व अनुसूचित जाति एवं जनजाति के जिला अध्यक्ष परशुराम जी ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।परशुराम जी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी।
उनकी बेदाग छवि, गहन ज्ञान और विनम्रता के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन देश और कांग्रेस के लिए एक अपूरणीय क्षति है। कांग्रेस नेता विशाल चौरसिया ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह भारतीय राजनीति के एक ऐसे आदर्श पुरुष थे जिनका जीवन सादगी, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रतीक है।
प्रदेश सचिव मकसूद आलम अंसारी ने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से उठकर डॉ. मनमोहन सिंह ने अपनी विद्वता और सेवा भावना से देश का नेतृत्व किया। उन्होंने न केवल भारत के आर्थिक सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दिया बल्कि अपनी राजनीति से लाखों लोगों को प्रेरित किया। उनका निधन देश के लिए एक गहरी क्षति है।
शोकसभा की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष प्रताप जायसवाल ने की। इस अवसर पर शिवजी तिवारी, महावीर बरनवाल, शेषनाथ, सत्यजीवन, मुमताज, बेचन प्रसाद, शिशिर अग्रवाल, शक्ति सिंह, आदित्य, तारकेश्वर, सत्यनारायण, अमरनाथ सहित कई लोग उपस्थित रहे।
