वाराणसी
सारनाथ में फांसी लगाकर युवती ने की खुदकुशी, परिवार में कोहराम
वाराणसी। जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के छाहीं गांव में शनिवार की सुबह छाया नामक 24 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता गोपाल वाल्मीकि, छाहीं गांव में स्थित महाबोधि इंटर कॉलेज के कर्मचारी थे जिनका कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था।
मृतका के भाई कृष्ण वाल्मीकि ने बताया, “मैं अपने फुफेरे भाई सत्यम को सुबह करीब पौने आठ बजे बीएचयू छोड़ने गया था। उससे पहले छाया दीदी ने हमारे लिए नाश्ता बनाया था। हमने साथ में नाश्ता किया था। नाश्ता करने के बाद मैं और कृष्णा घर से निकल गए। घर पर दीदी और छोटा भाई शांतनु था।”

छाया के छोटे भाई शांतनु ने बताया, “सुबह चाय पीने के बाद दीदी ने मुझे छत पर नहाने के लिए भेज दिया और खुद नीचे वाले बाथरूम में नहाने चली गईं। करीब 15 मिनट बाद जब मैं नीचे आया तो दीदी को आवाज लगाई, लेकिन वह किसी कमरे में नहीं मिली। सामने वाले कमरे से खिड़की से देखा तो दीदी फंदे से लटकी हुई थी। दरवाजे का कुंडी बाहर से बंद था। मैंने कुंडी खोलकर कमरे में जाकर अपने भाइयों को इस घटना की सूचना दी।”
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
