वाराणसी
महिला से पर्स छीनकर बाइक सवार बदमाश नौ दो ग्यारह
दो दिन में दूसरी घटना से इलाके में दहशत
वाराणसी। जनपद में बुधवार को मिर्जामुराद के खजुरी गांव स्थित नेशनल हाईवे ओवरब्रिज के पास दिनदहाड़े पर्स छीनने की घटना सामने आई। बाइक पर सवार दंपत्ति का पीछा कर नकाबपोश बदमाशों ने महिला के हाथ से पर्स छीन लिया। इस दौरान बाइक पर बैठी महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई।सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पर्स में सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, मोबाइल और नगद रुपये सहित करीब 70 हजार रुपये की संपत्ति थी।वाराणसी के जैतपुरा निवासी पंकज सेठ अपनी पत्नी सुषमा देवी और बच्चे के साथ ससुराल गौर ग्राम से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक खजुरी गांव के पेट्रोल पंप के पास पहुंची, पीछे से आए अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने महिला के हाथ से पर्स झपट लिया।
झपटमारी के दौरान संतुलन बिगड़ने से सुषमा सड़क पर गिर गईं और घायल हो गईं।इससे पहले सोमवार को भी पास के रखौना गांव में एक ऑटो सवार महिला प्रिंसी जायसवाल का पर्स बाइक सवार बदमाशों ने छीन लिया था। इन दोनों घटनाओं ने इलाके में दहशत फैला दी है।
दो दिन में हुई इन वारदातों के बाद मिर्जामुराद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। हालांकि अब तक किसी भी मामले में बदमाशों का सुराग नहीं मिल पाया है। घटना को लेकर स्थानीय लोग पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। क्षेत्र में बढ़ रही इन घटनाओं को लेकर स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
