वाराणसी
मंडल रेल प्रबंधक ने वाराणसी जंक्शन स्टेशन का किया निरीक्षण
महाकुंभ-2025 की तैयारियों को लेकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
वाराणसी। महाकुंभ-2025 के दौरान श्रद्धालुओं एवं रेल यात्रियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए, मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) एस. एम. शर्मा ने बुधवार को वाराणसी जं. (कैंट) स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अपर मंडल रेल प्रबंधक लालजी चौधरी और अन्य अधिकारियों के साथ स्टेशन एवं परिसर का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एस. एम. शर्मा ने स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था, यात्री सुविधाएं, पार्सल घर, सामुदायिक केंद्र, पार्किंग स्थल, होल्डिंग एरिया, और रेलवे सुरक्षा बल की बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी समझा।

निरीक्षण के बाद एस. एम. शर्मा रेलवे कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने निवासियों से बातचीत की और कॉलोनी में आवासों की स्थिति, रखरखाव, स्वच्छता और ड्रेनेज सिस्टम की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा, उन्होंने न्यू वाशिंग लाइन और मेला अवधि में ड्यूटी पर आने वाले अतिरिक्त कर्मचारियों के लिए आवास एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

मंडल रेल प्रबंधक ने वाराणसी और मंडल के अन्य स्टेशनों पर चल रहे रेल कार्यों की प्रगति का भी मूल्यांकन किया और इन्हें समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया।

स्टेशन पर आयोजित प्रेस वार्ता में एस. एम. शर्मा ने मीडिया से बातचीत की और महाकुंभ-2025 को लेकर रेलवे की तैयारियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान एनआरएमयू महिला मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक से मुलाकात कर अपनी समस्याओं का ज्ञापन सौंपा, जिस पर एस. एम. शर्मा ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
