वाराणसी
प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की धूम, गिरजाघरों में प्रार्थना और झांकियों ने बढ़ाई रौनक
वाराणसी में आधी रात के बाद विभिन्न गिरजाघरों में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव का उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगी सजावट और जगमगाते झालर लोगों को आकर्षित कर रहे थे, वहीं “मेरी क्रिसमस” और “जिंगल बेल” जैसे गीत पूरे माहौल में गूंज उठे। छावनी स्थित महागिरजा में प्रभु यीशु की चरनी में जन्म की झांकी सजाई गई जहां बिशप फादर यूजीन जोसेफ ने 70 किलो का केक काटा और बाइबिल का पाठ करते हुए शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।

लाल चर्च, तेलियाबाग चर्च, सेंट पॉल चर्च सिगरा, सेंट थॉमस चर्च, बरेका, लंका, शिवपुर, चांदमारी, सुंदरपुर और महमूरगंज जैसे स्थानों पर भी भव्य सजावट की गई थी।
प्रभु यीशु के जन्म की झांकी और प्रार्थना सभा ने माहौल को खास बना दिया। मसीही कॉलोनियों और होटलों में भी केक काटकर क्रिसमस का उत्सव मनाया गया। महागिरजा में बुधवार को आयोजित प्रार्थना सभा के बाद क्रिसमस मेले की शुरुआत हुई जहां पहली बार बनाए गए क्रिसमस गांव में प्रभु यीशु के जन्म की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी।
