पूर्वांचल
भदोही: झाड़ियों में मिला लापता बच्ची का शव, जांच में जुटी पुलिस
भदोही के कोतवाली क्षेत्र के याकूबपुर गांव में शुक्रवार को 11 वर्षीय बच्ची का क्षत-विक्षत शव खेत में कास के झाड़ में पाया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह और सीओ अजय कुमार चौहान फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।दोपहर के समय कुछ लोग पशुओं को चराने के लिए उसी जगह गए थे जहां बच्ची का शव झाड़ियों में मिला। यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने शव की पहचान मृतका के रूप में की जो 22 नवंबर को गांव में बारात देखने के लिए घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने अगले दिन उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और पुलिस बच्ची की तलाश कर रही थी।मृतका का शव उसके घर से महज 150 मीटर की दूरी पर मिला। बच्ची के माता-पिता का कहना है कि उन्होंने इस इलाके में पहले भी खोजबीन की थी लेकिन कुछ पता नहीं चला।
उनका आरोप है कि उनकी बेटी के साथ कुछ अनहोनी हुई है। उन्होंने पुलिस से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है। पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।
