Connect with us

पूर्वांचल

एडीएम वित्त ने ‘गड़बड़ा धाम मेले’ की तैयारियों का लिया जायजा

Published

on

Loading...
Loading...

इस वजह से जतायी नाराजगी

हलिया (मिर्जापुर)। थाना क्षेत्र के सुप्रसिद्ध गड़बड़ा धाम में आगामी सहरहवा मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एडीएम वित्त शिव प्रसाद शुक्ला ने निरीक्षण किया। उन्होंने मां गड़बड़ा के दर्शन-पूजन के बाद मेला परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, स्नान घाट और अन्य क्षेत्रों में गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई।

एडीएम ने एडीओ पंचायत को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशासन और पुलिस को मेले के दौरान मुस्तैद रहने का आदेश दिया। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला आरक्षियों की तैनाती सुनिश्चित करने और सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने चोरों, जेबकतरों और नशे के व्यापार व सेवन पर सख्ती बरतने के लिए विशेष निगरानी रखने का आदेश दिया।

ठंड को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए रैन बसेरे और अलाव की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक हलिया को पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने का आदेश दिया गया ताकि भक्त बिना किसी असुविधा के दर्शन कर सकें।

भक्तों ने मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था तो चुस्त-दुरुस्त रहती है, लेकिन मंदिर प्रबंधन की ओर से साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में लापरवाही देखी जा रही है।

Advertisement

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी लालगंज आशाराम वर्मा, एडीओ पंचायत रुपेश श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान गड़बड़ा समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page