वाराणसी
सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी वेलफेयर ने मनाया संविधान दिवस
शिवपुर (वाराणसी)। सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी वेलफेयर संगठन ने मंगलवार को भवानीपुर स्थित अंबेडकर पार्क में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उपस्थित लोगों ने संविधान के प्रति निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था के प्रदेश प्रमुख महासचिव दंगल सिंह यादव ने कहा, “स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए संविधान की आवश्यकता महसूस हुई। इस जिम्मेदारी को संविधान सभा ने बखूबी निभाया। लगभग 2 साल, 11 महीने और 18 दिन की कड़ी मेहनत के बाद हमारा संविधान तैयार हुआ। यह न केवल दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आधारशिला भी है।” उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय संविधान को 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया, जिसे हम गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं।
कार्यक्रम में कुंवर इलाहाबादी, कृष्णा राम, सुरेश कुमार, विनोद जायसवाल, कांता प्रसाद, रामाश्रय, राजाराम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संस्था के सदस्यों ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह हमें एकता, समानता और न्याय के सिद्धांतों पर चलने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम का समापन संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
