दुर्घटना
तेलियाबाग तिराहे पर तेज़ रफ्तार ट्रैक्टर ने तोड़ी रेलिंग
पैसों की खनक ने पुलिस की आंखों पर बांध रखी है पट्टी
वाराणसी के तेलियाबाग तिराहे पर बीती रात एक तेज़ रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ पर चढ़ गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। यह घटना पटेल धर्मशाला के पास घटी, जहां ट्रैक्टर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह रेलिंग को तोड़ते हुए फुटपाथ पर जा पहुंचा।
तेज़ रफ्तार और नियमों की अनदेखी बन रही बड़ी समस्या
शहर की सड़कों पर रात के वक्त ट्रैक्टरों का बेखौफ संचालन जारी रहता है। इन ट्रैक्टरों के चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, जैसे सड़क पर उनके अलावा कोई और मौजूद न हो। यह घटनाएं यातायात माह के दौरान भी लगातार हो रही हैं, जिससे कई सवाल उठ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि शहर में चलने वाले लगभग 90% ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट नहीं होती, जिससे यह संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि अधिकतर ट्रैक्टर चोरी के या अवैध हो सकते हैं।
बिना लाइसेंस के ट्रैक्टर चला रहे मजदूर
शहर में ऐसे ट्रैक्टर भी देखे गए हैं, जिनके चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। इनमें से कई चालक पेशेवर ड्राइवर नहीं हैं, बल्कि खनन कार्यों में लगे मजदूर हैं। इन ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार के कारण बढ़ती घटनाओं के लिए प्रशासन की उदासीनता जिम्मेदार मानी जा रही है।
अवैध निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही बनी समस्या
निर्माण कार्यों में लगे ट्रैक्टरों को अवैध रूप से सड़कों पर चलने की छूट मिल रही है। कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर बेहिसाब तरीके से शहर की सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जबकि प्रशासन की ओर से इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पैसों की खनक ने पुलिस की आंखों पर बांध रखी है पट्टी
आए दिन हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद पुलिस कमिश्नरेट इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। थाना प्रभारी इन ट्रैक्टरों पर कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। इस प्रकार के ट्रैक्टर सड़क पर यमराज की तरह दौड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन का मौन रवैया शहरवासियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुका है।
कब जागेगा प्रशासन?
ट्रैक्टरों से हो रही इन दुर्घटनाओं में लगातार लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर कब प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेगा और कब तक ट्रैक्टरों का यह आतंक जारी रहेगा?
