अपराध
चौबेपुर में पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शातिर बदमाश बहादुर पाल घायल हो गया। यह बदमाश चौबेपुर और सारनाथ क्षेत्रों में चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
घटना रजवाड़ी हवाई पट्टी के पास हुई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को रोकने की कोशिश की। खुद को फंसता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर पुलिस ने सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
तमंचा, बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने बहादुर पाल के पास से एक तमंचा, बाइक और मोबाइल बरामद किया। पूछताछ में बदमाश ने कई चेन स्नेचिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की गहराई से जांच कर रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मुठभेड़ की सूचना पर एडीसीपी वरुणा जोन सरवणन टी. और एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस कार्रवाई की सराहना की।
संयुक्त ऑपरेशन में बदमाश दबोचा गया
सारनाथ और चौबेपुर पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से बदमाश की घेराबंदी की थी। एसीपी सारनाथ ने बताया कि चेन स्नेचिंग की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर इलाके के सभी थानों को सतर्क किया गया था। गुरुवार सुबह बदमाश की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
चिकित्सकों से डिस्चार्ज मिलने के बाद बहादुर पाल को जेल भेजा जाएगा। पुलिस उसके अन्य साथियों और नेटवर्क का भी पता लगाने में जुटी है।
