अपराध
पुणे में 10 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
आधार, पैन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र जब्त
रंजनगांव (पुणे) ग्रामीण पुलिस ने रंजनगांव एमआईडीसी इलाके में छापेमारी कर 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी व्यक्ति अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, इनके खिलाफ एक आपराधिक मामले की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ।
पुणे ग्रामीण एसपी पंकज देशमुख ने बताया कि मंगलवार को रंजनगांव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में कुछ बांग्लादेशी नागरिकों से पूछताछ की गई थी। पूछताछ के दौरान पता चला कि वे सभी रंजनगांव इलाके में अवैध रूप से रह रहे हैं। इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट ने इन सभी आरोपियों को 24 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये लोग भारत में कैसे आए और यहां इतने लंबे समय से कैसे रह रहे थे।
