अपराध
स्कूल में छात्राओं से छेड़खानी, शिक्षा मित्र ने दिखाया अश्लील वीडियो, गिरफ्तार
ललितपुर तालबेहट क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में 58 वर्षीय शिक्षा मित्र द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षा मित्र कक्षा 3, 4 और 5 की छात्राओं को पढ़ाता था। उसने मासूम बच्चियों को अश्लील वीडियो दिखाने के साथ ही उनके साथ छेड़छाड़ की।
जानकारी के अनुसार, जब पीड़ित छात्राओं ने यह बात अपने परिजनों को बताई, तो आक्रोशित परिजन और ग्रामीण पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि आरोपी शिक्षा मित्र डरूराम विश्वकर्मा को तालबेहट रेलवे स्टेशन तिराहे से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है, और पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस की तीन टीमों को इस मामले की जांच के लिए तैनात किया गया है। बताया गया कि आरोपी ने छात्राओं को धमकी भी दी थी कि अगर उन्होंने यह बात किसी को बताई, तो वह उन्हें जान से मार देगा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में थोड़ी राहत महसूस की जा रही है।
ग्रामीणों और पीड़ितों के परिजनों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सकें।
