अपराध
ग्राम विकास अधिकारी और सिपाही के घर लाखों की चोरी
वाराणसी। शिवपुर थाना अंतर्गत तरना चौकी क्षेत्र में चोरों ने आतंक मचा रखा है। दो बैंक मैनेजर और एक जेई सहित चार घरों में चोरी के बाद चोरों ने ग्राम विकास अधिकारी और यूपी पुलिस के एक कांस्टेबल के बंद मकान को निशाना बनाया। चोर दोनों घरों से नकदी, जेवरात और कीमती सामान चुरा ले गए। शिकायत के आधार पर शिवपुर थाने की पुलिस घटना की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, चंदौली की पुलिस लाइन में तैनात सिपाही राम अचल का परिवार शिवपुर थाना क्षेत्र के हटिया में किराये पर रहता है। सिपाही की पत्नी रंजना देवी अपने बच्चों के साथ रक्षाबंधन पर अपने मायके जौनपुर (मड़ियाहू क्षेत्र के टेकारडीह) गई थी। मकान से चोरों ने 50 हजार नकद और 50 हजार रुपये मूल्य के जेवर पर हाथ साफ कर दिया।
उसी मकान में दूसरे फ्लैट में किराये पर रह रहे ग्राम विकास अधिकारी कन्हैया लाल भी पत्नी कविता देवी के साथ अपने गांव बेरवा, हरहुआ रक्षाबंधन पर गए थे। चोरों ने उनके भी दो कमरों का ताला 15 हजार रुपये और तीन लाख के आभूषण चुरा ले गए।
मंगलवार की सुबह जब ग्राम विकास अधिकारी कन्हैया लाल अपने परिवार के साथ आए तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने सिपाही राम अचल को उनके मकान में भी चोरी की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर शिवपुर थाने की पुलिस घटना की जांच कर रही है। अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
