अपराध
संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा ने समाप्त की इहलीला, जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के चितरसारी मोहल्ले में एम.ए. की छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अगले दिन रविवार को युवती का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, जफराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम जमैथा गांव के रहने वाले सुरेश चंद्र यादव उर्फ उत्तम यादव की 25 वर्षीय बेटी नेहा यादव चितरसारी में प्रकाश चंद्र भारती के मकान में किराए पर रहकर टीडी डिग्री कॉलेज में एमए द्वितीय वर्ष की शिक्षा ग्रहण कर रही थी। शनिवार की दोपहर लगभग 12 बजे मकान मालकिन ने 112 पर सूचना दिया कि उसके घर में रह रही किराएदार ने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर लड़की की फांसी पर लटकी हुई लाश को नीचे उतारने के बाद उसके परिजनों को सूचना दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग कुछ ही देर में पहुंच गए। छात्रा के आत्महत्या का कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाल मिथिलेश कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी शंकर मंडी कंचन पांडे , चौकी प्रभारी भंडारी ओमप्रकाश पांडे मौके पर पहुंच गए और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा के आत्महत्या के कारण का पता लगाने में पुलिस जुट गई है।
