अपराध
सिपाही ने पत्नी को मायके में मारी गोली, फिर खुद कर ली आत्महत्या
लखनऊ। राजधानी में कृष्णा नगर इलाके में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कानपुर के कल्याणपुर थाने में तैनात सिपाही सर्वेश रावत ने अपनी पत्नी मीरा रावत की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। पत्नी मीरा की हत्या के बाद खुद को गोली मारने वाले सिपाही सर्वेश की भी मौत हो गई। हत्या के बाद सुसाइड के पीछे गृह क्लेश बताया गया है।
बता दें कि, सर्वेश रावत 2011 बैच का सिपाही थे और उनकी पत्नी मीरा लखनऊ के जीपीओ में क्लर्क के पद पर तैनात थीं। दोनों की शादी साल 2019 में हुई थी। लेकिन शादी के एक साल बाद ही उनके रिश्ते में दरार आ गई थी। साल 2020 में मीरा ने सर्वेश के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। हालांकि 2021 में कोर्ट में दोनों के बीच समझौता हो गया था। पूर्व में मीरा ने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा पीजीआई थाने में दर्ज कराया था। कोर्ट में दोनों के बीच समझौता हो गया था। इसके बाद दोनों साथ रह रहे थे।
घटना के समय मीरा अपनी 8 महीने की बेटी रितिका के साथ कृष्णा नगर के आजाद नगर इलाके में स्थित अपने मायके में थी। 13 अगस्त से छुट्टी पर आया सर्वेश कभी अपने पीजीआई इलाके में स्थित घर पर, तो कभी ससुराल में रुकता था। बीती शाम वह मीरा से मिलने आया, जिसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सर्वेश ने पिस्तौल से पहले मीरा को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। गोली लगते ही मीरा की तड़प तड़प कर मौत हो गई। जबकि, इलाज के दौरान सिपाही सर्वेश की भी मौत हो गई।
