अपराध
महिला ने दो साल के बेटे की ली जान, खुद को किया घायल
जौनपुर। जनपद के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के जेठपुरा गांव में एक मां ने अपने दो वर्षीय बेटे की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को भी चाकू से गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना जब ग्राम प्रधान रजनीश सिंह को मिली तो उन्होंने पुलिस को इस घटना के बारे में बताया। नेवढ़िया पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को लेकर पास के सीएचसी पहुंची, जहां दो साल के बेटे की मौत चुकी थी। जबकि मां गंभीर रूप से घायल थी, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, जेठपुरा की रहने वाली वंदना और प्रद्युम की शादी तीन साल पहले हुई थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। दोनों की इस शादी से घर वाले खुश नहीं थे। मृतक की दादी ने बताया की खाना बनाने को लेकर अक्सर विवाद होता था। कल शाम चार बजे सब्जी लेने के लिए बाजार गई थी। करीब 6 बजे लौटकर आई तो थक कर घर के बाहर बैठ गई। देर शाम करीब 7 बजे उसका बेटा आया तो उसने पूछा, “मम्मी बाबू कहां है। तो उसने बताया अपनी मां के साथ सो रहा है। जब प्रद्युम बेटे को देखने के लिए अंदर गया तो बेटा खून से लथपथ चारपाई पर बड़ा था, बगल ही उसकी पत्नी भी बेहोश पड़ी थी। पति ने किसी तरह घटना की सूचना गांव के प्रधान रजनीश सिंह को दी। इसके बाद मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची।
वहीं इस घटना के संदर्भ में मडियांहू के क्षेत्राधिकार ने बताया, महिला ने गुस्से में आकर अपने बेटे की जान ले ली और बाद में खुद को भी चाकू से गंभीर रूप से घायल कर लिया। पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
