अपराध
सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देने वाला गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे हैं अभियान के क्रम में एसओजी टीम को मिली बड़ी सफलता मिली है। भोली भाली जनता को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रूपये ठगने के आरोप में पुलिस ने एक तथाकथित पत्रकार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार तथाकथित पत्रकार पर इस तरह के कुल 11 मुकदमा दर्ज है। यह खबर मिलते ही तथाकथित पत्रकारिता का चोला ओढ़कर क्राइम करने वालों में हड़कंप मच गया है। जौनपुर के भी कुछ तथाकथित पत्रकारों का संरक्षण प्राप्त था। पुलिस अगर सही से जांच करें तो कई लोग इसकी गिरफ्त में आ सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, तथाकथित पत्रकार बड़े-बड़े नेताओं से अधिकारियों के पास फोन करवा रहे हैं। अब देखना ये होगा कि पुलिस अब ऐसे अपराध करने वाले तथाकथित पत्रकारों की जन्म कुण्डली खंगालने में जुट गयी है। बीते कई वर्षो से पत्रकारिता का चोला ओढ़कर ग्रामीण इलाके के दर्जनों बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ो रूपये ठगने के मामले में कौशल पाण्डेय का नाम तेजी से चर्चा में बना रहा है।
कौशल के शिकार दर्जन भर से अधिक लोगो ने डीएम और एसपी से मिलकर लिखित शिकायत किया था। शिकायतकर्ताओं के अनुसार यह फर्जीवाड़ा, डीएम के मीटिंग हाल में किया गया था। कईयों की नियुक्ति भी यही दिखाकर बकायदा रजिस्टर पर उनका हस्ताक्षर भी कराया गया। पीड़ितो के अनुसार इस आरोपी ने किसी से आठ लाख तो किसी से 12 लाख रूपये लिया है।
डीएम ने इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल की। जांच में शिकायत सही मिलने के बाद आरोपी पत्रकार कौशल पाण्डेय की तलाश में जुट गयी थी।
मंगलवार को एसओजी और नेवढ़िया थाने की पुलिस ने कौशल पाण्डेय पुत्र आकबाली पाण्डेय निवासी ग्राम कनावा थाना नेवढ़िया को मड़ियाहूं रेलवे क्रासिंग के पास रानीपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। इस पत्रकार पर फर्जी चुनाव पास बनाकर लोगों को बांटने का मामला भी मड़ियाहूं थाने में दर्ज है।
